शहर की बिजली व्यवस्था जस की तस है। उपभोक्ताओं को बिजली बंद के साथ लो वोल्टेज की समस्या से जूझना पड़ रहा है। सबसे हैरानी की बात यह है कि शिकायत कर थक चुके उपभोक्ता अब फ्यूज काल सेंटर को सूचना भी नहीं दे रहे हैं। उनका कहना है कि समस्या दूर करने में बिजली वितरण कंपनी नाकाम है। उनके पास न तो स्टाफ है और न साधन।
पिछले कई दिनों से शहर की बिजली सप्लाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। जिसे ठीक करने में बिजली कंपनी का सिस्टम फेल हो चुका है। दिनभर मानसून पूर्व मेन्टेनेन्स का हवाला देकर बिजली बन्द किया जा रहा है और रातभर छोटे से फाल्ट ढूंढने में रातभर बिजली ठप रखा जा रहा है। आलम ये है कि भीषण गर्मी के बावजूद पिछले कुछ दिनों से सिरगिट्टी, तोरवा, नेहरू नगर, मंगला, तेलीपारा, दीनदयाल कालोनी, कुदुदंड, जरहाभाठा, सरकंडा समेत कई क्षेत्रों में दिनभर-रातभर कई बार बिजली बंद हो रही है। इतना ही नहीं शहर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में तो लो वोल्टेज की समस्या भी रोजाना देखने को मिल रही है। खासकर सिरगिट्टी क्षेत्र के वासी बिजली गुल और लो वोल्टेज की परेशानी से लंबे से जुझ रहे हैं।



समस्याओं से जूझ रहे हलाकान रहवासियों का कहना है कि बिजली गुल जैसे विकट परिस्थितियों में बिजली विभाग के अधिकारी तो दूर फ्यूज काल सेंटर में भी लगातार फोन करने पर ना तो कोई कॉल रिसीव करता है ना ही सही जानकारी देता है। लोगों का मानना है कि बिजली कंपनी के अधिकारियों पर कलेक्टर की फटकार एवं उच्चाधिकारियों के निर्देश का कोई असर नहीं पड़ता तो उपभोक्ताओं की सुनवाई कैसे होगी। अब तक कंपनी ने मेंटेनेंस के नाम पर केवल खानापूर्ति की है। हालांकि जब इस सम्बंध में बिजली विभाग के चीफ इंजीनियर से बात की गई तो उन्होंने कहा कि यह समस्या अतिरिक्त लोड की वजह से हो रहा है।लोग अपने घरों में कितना बिजली खपा रहे है इसकी सही जानकारी तक नही देते हालांकि इसको लेकर अब डोर टू डोर सर्वे कराने की योजना बनाई जा रही है। वहीं सिरगिट्टी क्षेत्र के जंगल से होकर खुले नंगे वायरों को जल्द ही कवर किया जायेगा इसके लिए राशि भी स्वीकृत हो गयी है वही सिरगिट्टी सहित अन्य क्षेत्रों में सब स्टेशन की भी स्वीकृति हो चुकी है राशि आते ही काम शुरू कर दिया जायेगा। भविष्य में निश्चित रूप से शहरवासियों को बेहतर बिजली की आपूर्ति हो सकेगी।


बहरहाल विद्युत वितरण कंपनी तिफरा की ओर से शहरवासियों को जल्द से जल्द बेहतर बिजली की आपूर्ति कराने का दावा जरूर किया जा रहा है। लेकिन चीफ इंजीनियर के बातों में कितनी सच्चाई है ये तो आगामी दिनों में ही समझ आएगा। फिलहाल वर्तमान की स्थिति की बात करें तो स्थिति काफी दयनीय है क्योंकि इन दिनों बेमौसम ही बिजली गुल की समस्या से पूरे शहरवासियों को काफी समस्या का सामना करना पड़ रहा है। अभी गर्मी में अगर ये हाल है तो बरसात के मौसम में बिजली सप्लाई की सोच ही सभी शहरवासी चिंतित है।


