Homeहमर बिलासपुरबिलासपुर सांसद तोखन साहू को केंद्र में राज्य मंत्री बनाए जाने पर...

बिलासपुर सांसद तोखन साहू को केंद्र में राज्य मंत्री बनाए जाने पर क्षेत्र में जमकर मनाया जा रहा जश्न।

एक तरफ नरेंद्र मोदी 3.0 सरकार बनने और साथ ही में बिलासपुर सांसद को राज्य मंत्री बनाए जाने से पूरा बिलासपुर खुशी से झूम रहा है। यही उत्साह रविवार शाम को नजर आया। भाजपा कार्यालय और मैग्नेटो मॉल के सामने जश्न का माहौल दिखा। नरेंद्र मोदी के तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने पर बिलासपुर भाजपा कार्यालय में जश्न मनाया गया। ढोल ताशे बजाकर मिठाई बांटी गई। बिलासपुर के लिए दोहरी खुशी की बात है कि पहली बार सांसद बने बिलासपुर के सांसद तोखन साहू को भी मोदी मंत्रिमंडल में राज्य मंत्री बनाया गया है। केंद्र में राज्य मंत्री बनने वाले तोखन साहू प्रदेश के सातवें सांसद है। तोखन साहू ने पहली बार लोकसभा की दहलीज पर कदम रखा तो वहां सीढ़ियों को दंडवत प्रणाम किया।

2013 में पहली बार लोरमी विधानसभा सीट से विधायक बने तोखन साहू ने इस बार बिलासपुर लोकसभा से कांग्रेस के देवेंद्र यादव को 1 लाख 64,000 से भी अधिक वोटो से हराया है। इससे पहले कभी बिलासपुर के सांसद को केंद्र में मंत्री का दायित्व नहीं मिला था। लोग कह रहे हैं की किस्मत हो तो तोखन साहू जैसी हो, जो पहली बार लोकसभा चुनाव जीतते ही मोदी कैबिनेट में राज्य मंत्री बन गए। इसे लेकर बिलासपुर और तोखन साहू के गांव डिंडोरी में जश्न का माहौल है। बिलासपुर के भाजपा नेताओं ने भी अपनी खुशी जाहिर करते हुए इसे बिलासपुर की बेहतरी के लिए बड़ा कदम बताया।

मोदी सरकार 3.0 में 30 कैबिनेट मंत्री, पांच स्वतंत्र प्रभार और 36 राज्य मंत्री बनाए गए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी रविवार शाम को तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली। लोरमी के छोटे से गांव सूरजपुर से 1994 में पंच पद से उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत की थी। पंच के बाद वे सरपंच, फिर जनपद सदस्य और उसके बाद 2013 में लोरमी के विधायक बने। 2015 में उन्हें संसदीय सचिव की जिम्मेदारी दी गई थी। वर्तमान में वे भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष भी हैं। बेहद सरल और सज्जन स्वभाव के तोखन साहू अपने क्षेत्र और पार्टी में लोकप्रिय है। चार भाइयों में तोखम साहू सबसे बड़े हैं। उनके छोटे भाई पोखन साहू कोइलरी हाई स्कूल में प्रभारी प्राचार्य है।

एक भाई रमेश साहू किसान है। छोटा भाई तारकेश्वर साहू मुंगेली में अकाउंटेंट है। तोखम साहू की बड़ी बेटी शिवानी साहू और बेटा निखिल साहू बीएससी की पढ़ाई कर चुके हैं। निखिल पीएससी की तैयारी कर रहे हैं। छत्तीसगढ़ राज्य बनने के बाद दिलीप सिंह जूदेव, रमेश बैस, रमन सिंह, चरणदास महंत, विष्णु देव साय और रेणुका सिंह को केंद्रीय मंत्रिमंडल में जगह मिली थी। इस तरह से दिलीप सिंह जूदेव के बाद तोखन साहू दूसरे व्यक्ति हैं जिन्हें बिलासपुर सांसद बनने के बाद मंत्रिमंडल में जगह मिली है। चुनाव प्रचार के दौरान तोखन साहू जी न्यूज़ के कार्यालय भी पहुंचे थे, जहां उन्होंने जीत की उम्मीद जताते हुए भविष्य की योजनाओं पर भी विस्तार से चर्चा की थी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments