कलेक्टर अवनीश शरण ने गुरुवार को पंचायत और ग्रामीण विकास विभाग के काम-काज की बारीकी से सिलसिलेवार समीक्षा की। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास निर्माण के कामों में तेजी लाने के निर्देश दिए। बैठक में बताया गया कि प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत अब तक 53 हजार 806 काम पूरे कर लिए गए है। 5 हजार 317 कार्य प्रगति पर है। मैदानी स्तर के अधिकारियों द्वारा छत स्तर तक बन गए आवासों की लगातार मॉनिटरिंग कर जल्द से जल्द पूर्ण कराने हितग्राहियों से संपर्क कर उन्हें प्रेरित किया जा रहा है। कलेक्टर ने कहा कि कार्ययोजना बनाकर इसे समय सीमा में पूर्ण किया जाएं। इसमें किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने ग्रामीण विकास विभाग की योजनाओं में धीमी प्रगति पर गहरी नाराजगी जाहिर की।



