सिविल लाइन अंतर्गत तिफरा रेलवे ट्रैक पर वन विभाग के चौकीदार की लाश मिली। सूचना पाकर मौकाए वारदात पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर मर्ग कायम कर शव पोस्टमार्टम कार्रवाई कराया।प्राथमिक पूछताछ में पता चला है कि बीते दिन चौकीदार अपनी पत्नी से विवाद के बाद घर से निकला था। इसके बाद सुबह उसकी लाश मिली है। हालांकि पीएम रिपोर्ट से चौकीदार की मौत का कारण स्पष्ट होगा। सरकंडा के अशोक नगर श्रीराम विहार में रहने वाले सनत दुबे डेली वेजेस पर वन विभाग में चौकीदार थे। वे पत्नी से विवाद के बाद अपने घर से निकल गए थे। इसके बाद वे घर नहीं आए। बुधवार की सुबह उनकी लाश तिफरा और उसलापुर के बीच रेलवे ट्रैक पर मिली। सूचना पर सिविल लाइन पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर स्वजन को इसकी सूचना दी। इस पर स्वजन भी मौके पर पहुंच गए।

पुलिस ने शव का पीएम कराया है। इससे चौकीदार की मौत का कारण स्पष्ट होगा। सनत दुबे की पत्नी आरती दुबे भाजपा नेता हैं। वो पिछले नगरीय निकाय चुनाव में भाजपा की ओर से पार्षद प्रत्याशी भी रहीं है। उन्होंने पुलिस को बताया कि 2006 में उनकी शादी सनत से हुई थी। उनकी एक 17 साल की बेटी भी है। महिला ने बताया कि शादी के कुछ दिनों बाद ही सनत चरित्र शंका पर मारपीट करने लगा। उन्होंने कई बार इसकी शिकायत थाने में भी की है। बेटी के भविष्य की चिंता करते हुए वह हर बार समझौता कर लेती थी। मंगलवार की दोपहर भी मारपीट की गयी। शोर सुनकर उनकी बेटी बीच-बचाव करने आई। इस पर सनत ने अपनी बेटी से भी मारपीट की। महिला की शिकायत पर पुलिस ने जुर्म दर्ज कर जांच शुरू की है।



