बिलासपुर रेलवे स्टेशन के सामने नो पार्किंग जोन में खड़े होने वाले दो पहिया एवं चार पहिया वाहनों पर गुरुवार से कार्यवाही शुरू हो जाएगी। नो पार्किंग जोन में खड़े दो पहिया वाहनों को टो-विग वैन उठाकर टीआरडी के सामने पार्किंग में ले जाएगी। और चार पहिया वाहनों को मौके पर ही जैमर लगाए जाएगा। अक्सर देखा जाता है कि रेलवे स्टेशन के नो पार्किंग जोन में लापरवाही पूर्वक दो पहिया और चार पहिया वाहन पार्क कर दिया जाता है। जिसकी वजह से रेलवे स्टेशन में जाम की स्थिति निर्मित हो जाती है और हर दिन विवाद भी होता है।



इसलिए इन विवादों को खत्म करने के लिए और पार्किंग ठेकेदारों की मनमानी पर अंकुश लगाने के लिए इस लापरवाही पर अब कड़ाई करते हुए रेलवे प्रशासन ने नो पार्किंग में गाड़ी खड़े करने वाले वाहनों पर कार्यवाही के लिए अलग से ठेकेदार नियुक्त कर दिया है। गुरुवार से नो पार्किंग में खड़े होने वाली वाहनों पर कार्यवाही शुरू हो जाएगी। हालांकि यह कार्यवाही बुधवार से होनी थी लेकिन मोहर्रम के चलते रेलवे ने विशेष रियायत दे दी। अब नो पार्किंग क्षेत्र का दायरा तितली चौक तक हो गया है, जबकि यहां सांस्कृतिक निकेतन भी है, जहां कार्यक्रम के दौरान सड़क पर ही वाहन पार्क करते हैं, इसलिए इस फैसले का जनप्रतिनिधि विरोध भी कर रहे है।



