नेशनल हाईवे मार्ग पर देख रेख के आभाव में आज भी सड़क किनारे लगे भारी वाहनों के जमावड़े और सड़क के बीचो-बीच बैठे मवेशियों के चलते सड़क हादसों का सिलसिला जारी है। जो भी ऐसे हादसों में घायल हो रहे हैं या जिनके परिवार के लोगों की जान जा रही हैं वे लोग इसका ठीकरा नेशनल हाईवे मार्ग पर लगे भारी वाहनों के जमावड़े और सड़क के बीचो-बीच बैठे मवेशियों पर फोड़ रहे हैं। थाना कोनी अंतर्गत ग्राम लोफन्दी नेशनल हाइवे मार्ग पर ऐसे ही एक दर्दनाक सड़क हादसे में बिहार निवासी अरविंद कुमार ट्रक ड्राइवर की मौत हो गयी। रायपुर के जगदीश कम्पनी के मालिक कैलाश चन्द्र ने बताया कि मृतक अरविंद बिहार से ट्रक खाली करके रतनपुर मार्ग होते हुए रायपुर लौट रहे थे।



इसी बीच बीती रात लोफन्दी के पास सड़क किनारे अंधेरे में खड़े बेतरतीब ट्रक और सड़क के बीचों बीच बैठे मवेशियों की वजह से अरविंद की ट्रक अंधेरे में खड़े दूसरे ट्रक से टकरा गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गयी। ट्रक मालिक को इसकी जानकारी मिलते ही वे मौके पर पहुंचे और इसकी सूचना मृतक के घर वालों को दी। परिजनों की मौजूदगी में मृतक के शव का पोस्टमार्टम कर अंतिम संस्कार के लिए बिहार भेजा गया। बताया जा रहा है कि मृतक के परिवार में छोटे छोटे उसकी 3 लड़कियां और दो लड़के है। कुल मिलाकर मृतक के ऊपर आश्रित परिवार घर के मुखिया के मौत के बाद अब सड़क पर आ गया है। वहीं इसका जिम्मेदार भी मृतक के परिवार वालों ने छत्तीसगढ़ शासन और बिलासपुर जिला प्रशासन को माना है।





