चार दिन की चांदनी फिर अंधेरी रात की तरह हो गई है, सिम्स चौक से लेकर सिम्स अस्पताल जाने वाली प्रमुख सड़क। दरअसल इस मार्ग में रोजाना ट्रैफिक व्यवस्था चरमराई हुई नजर आती है। यहां ठेले खोमचे से लेकर ऑटो रिक्शा और चार पहिया वाहन चालकों के द्वारा सड़क घेर कर ही बेतरतीब पार्किंग की जा रही है। हालांकि पूर्व में इसको लेकर कलेक्टर एसपी निगम कमिश्नर ने इस मार्ग पर पैदल चलकर ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त करवाने नगर निगम और ट्रैफिक पुलिस को निर्देशित किया था।



यहां बेतरतीब पार्किंग एवं बेजाकब्जा करने वाले चार पहिया वाहनों, प्राइवेट एंबुलेंस चालकों, ठेले खोमचे सहित अन्य पर कार्यवाही भी की गई थी लेकिन इस क्षेत्र की सही तरीके से देखरेख नही होने के चलते एक बार फिर से सिम्स चौक से सिम्स हॉस्पिटल जाने वाली प्रमुख सड़क की ट्रैफिक व्यवस्था बुरी तरह चरमराई हुई है। आलम ये है कि यहां सुबह से शाम तक जाम की समस्या देखी जा सकती है। यहां आम राहगीरों के साथ सिम्स अस्पताल जाने वाले मरीजो से लेकर एम्बुलेंस तक को जाम की समस्या से जूझना पड़ रहा है।



