हावड़ा से मुंबई की ओर जाने वाली आजाद हिंद सुपरफास्ट एक्सप्रेस में उस समय हड़कंप मच गया जब हाथ में हथकड़ी लगा हुआ एक व्यक्ति शराब के नशे में जमकर हंगामा करने लगा। आनन फानन में इसकी सूचना ट्रेन में सवार यात्रियों ने बिलासपुर कंट्रोल रूम थाना तोरवा और जीआरपी पुलिस को दी, जहां पहुंचकर जीआरपी पुलिस ने व्यक्ति को गिरफ्तार कर थाने लेकर पहुंची।पूछताछ में पता चला कि इसका नाम विकास मीका है जो आदर्श नगर रायपुर का रहने वाला है।

वहीं यह किसी भी मामले का कोई आरोपी नहीं है बल्कि रायपुर पंडरी थाना में काम करने वाला मामूली सा एक सफाई कर्मी है। शराब के नशे में धुत सफाई कर्मी विकास ने जीआरपी पुलिस को बताया कि थाना पंडरी के दो आरक्षक किसी काम से हावड़ा गए थे इसे भी घूमने का शौक था और इसके पास पैसे नहीं थे तो टीटी को किसी तरह का कोई टिकट नहीं देना पड़े इसलिए आरक्षकों ने इसके हाथ में हथकड़ी लगा दिया था।



हावड़ा से वापस लौटते समय तीनों ने ट्रेन आजाद हिंद में सवार होने से पहले एक साथ छककर शराब पी और फिर से विकास के हाथ मे हथकड़ी लगाकर नशे में टल्ली होकर उसे छोड़ दिया। इस बीच नशे में धुत सफाई कर्मी विकास ने ट्रेन में हंगामा करते हुए यात्रियों से विवाद भी करना शुरू कर दिया। जैसे ही ट्रेन बिलासपुर के करीब पहुंची यात्रियों ने इसकी जानकारी बिलासपुर पुलिस के साथ-साथ जीआरपी पुलिस को भी दी। जिसके बाद विकास को गिरफ्तार कर रायपुर के थाना पंडरी में संपर्क कर वैधानिक कार्यवाही के लिए विकास को उनके सुपुर्द किया गया।




