Homeहमर बिलासपुरपुराना बस स्टैंड में रविवार रात केबल टीवीकर्मी की हत्या के मामले...

पुराना बस स्टैंड में रविवार रात केबल टीवीकर्मी की हत्या के मामले में पुलिस के हाथ अब भी खाली, पुलिस का दावा जल्द गिरफ्त में होगा हत्यारा।

बिलासपुर के पुराना बस स्टैंड में रविवार रात केबल टीवीकर्मी की हत्या के मामले में पुलिस के हाथ अब भी खाली है, हालांकि पुलिस का दावा है कि उसे हत्यारे की पूरी जानकारी मिल गई है और जल्द ही वह पुलिस के कब्जे में होगा।

बिलासपुर के सबसे चहल पहल वाले हिस्सों में से एक पुराना बस स्टैंड में रविवार रात करीब 10:45 बजे एक युवक की जघन्य हत्या हो गई है। हैरानी इस बात की है कि इस जगह से थोड़ी ही दूर पर तार बाहर, कोतवाली और सिविल लाइन थाना है। बावजूद इसके अपराधियों के हौंसले इस कदर बढ़े हुए हैं कि वह भीड़भाड़ वाले इलाकों में भी मामूली बात पर हत्या जैसे वारदात को अंजाम दे देते हैं। रविवार रात को नारियल कोठी में रहने वाला 29 वर्षीय राहुल सिंह चौहान केबल टीवी के कार्यालय से रात करीब 8:30 बजे निकला था। घर जाने की बजाय वह अपने दोस्तों के साथ पुराना बस स्टैंड पहुंच गया, जहां उसने शराब पी। इसी दौरान उसका किसी से विवाद हुआ और उसने बियर की बोतल फोड़ कर राहुल सिंह चौहान के गले पर वार कर दिया। उसके गले से खून का फव्वारा फूट पड़ा और घबराकर वह इधर-उधर भागने लगा , लेकिन 100 मी भागने के बाद वह जमीन पर गिर गया और तड़पकर उसने अपनी जान दे दी।

इस दौरान काफी लोग वहां मौजूद थे, लेकिन ना तो किसी ने राहुल सिंह चौहान को बचाने की कोशिश की और ना ही उसे अस्पताल पहुंचाने की। सीसीटीवी में नजर आ रहा है कि किस तरह से एक युवक उस पर हमला कर रहा है, लेकिन अंधेरा होने की वजह से तस्वीर स्पष्ट नहीं है। इससे सीसीटीवी फुटेज की उपयोगिता पर भी प्रश्न चिन्ह लग रहे हैं। आखिर सीसीटीवी में नाइट विजन नहीं है तो फिर रात में यह किस तरह से प्रभावी होंगे । तो वही बड़ा सवाल यह भी है कि जब 10:30 बजे शराब दुकान बंद होने का समय है तो फिर उसके बाद भी यहां शराबियों की भीड़ कैसे रहती है। आसपास के लोगों का कहना है कि यह तो रोज की बात है। इस क्षेत्र में शराब दुकान बंद होने के बाद भी आसानी से शराब उपलब्ध होता है, तो वहीं अन्य तरह के नशे के अड्डे भी यहां है, जो खतरे की घंटी है। इधर घटना के बाद मौके पर एसपी, एडिशनल एसपी समेत तमाम पुलिस अधिकारी पहुंच गए लेकिन अभी तक आरोपी तक पुलिस नहीं पहुंच पाई।

जानकार मान रहे हैं कि पुलिस को आरोपी के बारे में पूरी जानकारी मिल चुकी है लेकिन जब तक उसकी गिरफ्तारी नहीं हो जाती पुलिस उसके नाम का खुलासा नहीं करना चाहती। शायद इसलिए भी कि उसका नाम मीडिया में छपने के बाद आरोपी चौकन्ना ना हो जाए। इधर लोग सवाल उठा रहे हैं कि पुलिस के कथित गस्त के बावजूद यहां देर रात नशेड़ियों का जमावड़ा किस तरह से रहता है। खास बात यह है कि इसके बगल में ही जिला अस्पताल है। इन नशेड़ियों की वजह से कहीं कोलकाता आर जी कर अस्पताल जैसी घटना की पुनरावृत्ति ना हो, यह खतरा भी है। शायद इसीलिए एसपी ने तार बाहर पुलिस को फटकार लगाते हुए लगातार गस्त की बात कही है। इधर पुलिस को जांच के दौरान राहुल सिंह चौहान की मौत के पहले का एक वीडियो मिला है, जिसमें वह अपने दोस्त सद्दाम का जन्मदिन मना रहा है।

इस वीडियो में सद्दाम के साथ अन्य दोस्त भी नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि पुराना बस स्टैंड के पास ही ऑटो में बैठकर इन लोगों ने जन्मदिन मनाते हुए केक काटा था । माना जा रहा है कि इन्हीं में से कोई हत्यारा है। एसपी रजनी सिंह ने भी कहा है कि हत्यारो की पहचान कर ली गई है लेकिन फिलहाल यह पता नहीं चल पाया है की हत्या की वजह क्या है। मुमकिन है कि जल्द ही इस पर से भी पर्दा उठ जाए, वैसे यह जानकारी भी मिल रही है कि राहुल सिंह चौहान के हत्यारे के साथ उसकी रंजिश थी और दोनों ही एक दूसरे के जान के दुश्मन थे। अगर हत्यारे ने राहुल सिंह चौहान की हत्या न की होती तो मुमकिन था कि राहुल उसकी जान ले लेता। इधर इस घटना से सबक लेते हुए पुलिस को बहुत कुछ बदलना होगा। पुराना बस स्टैंड के पास जिस तरह से नशेड़ियों का जमावड़ा रहता है, उस पर कार्रवाई करनी होगी, नहीं तो फिर इस तरह की घटनाएं थमेगी नहीं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments