भारत सरकार के पोषण अभियान के तहत बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग द्वारा एक सितंबर से पोषण माह मनाने की शुरुआत हो चुकी थी। जिसका समापन कार्यक्रम आज शहर के अलग-अलग क्षेत्र में देखा जा रहा है। कार्यक्रम की सफलता के लिये संबंधित विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी एकजुट हुए थे। इस विशेष अभियान के तहत गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं, किशोरियों और छह वर्ष से कम उम्र के मानसिक एवं शारीरिक रूप से कमजोर बच्चों के पोषण को समग्र रूप से बेहतर बनाने का प्रयास किया गया। इसी कड़ी में सोमवार को श्री स्पेशल सेंटर मानसिक एवं शारीरिक दिव्यांग बच्चों के स्कूल में पोषण अभियान का कार्यक्रम चलाया गया।

जिसमें सीनियर डाइटिशियन कविता पुजारी और वर्षा अरोड़ा ने स्पेशल चाइल्ड के अभिभावकों को आहार से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी । मानसिक एवं शारीरिक रूप से दिव्यांग बच्चे सही और उचित आहार नहीं ले पाते हैं। इसकी वजह से अभिभावकों को काफी समस्याएं होती हैं। पोषण अभियान के तहत हो रहे कार्यक्रम में आज कई अभिभावकों ने डाइटिशियन से सलाह लेकर बच्चों को उचित पोषक आहार देने के विषय में जानकारी ली।




