समाजवादी पार्टी के राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन द्वारा महान योद्धा राणा सांगा पर दिए गए बयान को लेकर श्री राजपूत करणी सेना और पूरे राजपूत समाज में जबरदस्त आक्रोश फैल गया है। इस बयान के खिलाफ पूरे देशभर में विरोध प्रदर्शन किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में 12 अप्रैल को आगरा के कुबेरपुर के गढ़ी रामी मैदान में राणा सांगा की जन्म जयंती बड़े धूमधाम से मनाई जाएगी। इस मौके पर श्री राजपूत करणी सेना द्वारा “रक्त स्याही सम्मेलन” का आयोजन किया गया है। जिसमें देशभर से राजपूत समाज के प्रमुख संगठन हिस्सा लेंगे। सांसद रामजीलाल सुमन के बयान को लेकर पूरे देश में राजपूत समाज के लोग आक्रोश व्यक्त कर रहे हैं। उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़ सहित कई राज्यों में प्रदर्शन, पुतला दहन और रैलियां निकाली जा रही हैं। इसी कड़ी मे मुंगेली में भी श्री राजपूत करणी सेना ने सांसद का पुतला दहन कर विरोध जताया। श्री राजपूत करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष आलोक सिंह परिहार ने स्पष्ट कहा कि राणा सांगा जैसे वीर योद्धा के सम्मान को ठेस पहुंचाने वालों को माफ नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 12 अप्रैल को छत्तीसगढ़ सहित देशभर के विभिन्न जिलों से राजपूत समाज के लोग आगरा पहुंचकर अपना विरोध दर्ज करेंगे। इस विरोध प्रदर्शन में हजारों की संख्या में राजपूत समाज के लोग, करणी सेना के कार्यकर्ता और अन्य संगठनों के पदाधिकारी शामिल होंगे। श्री राजपूत करणी सेना और राजपूत समाज के प्रमुख संगठनों ने स्पष्ट किया है कि अगर सांसद अपने बयान पर माफी नहीं मांगते, तो यह विरोध और तेज होगा। इस मामले को लेकर राजनीतिक माहौल भी गर्मा गया है। अब देखना यह होगा कि सांसद रामजीलाल सुमन इस पर क्या प्रतिक्रिया देते हैं और प्रशासन इस बढ़ते विरोध को कैसे संभालता है।


