Homeहमर बिलासपुरअब हर महीने नहीं लगानी होगी राशन की लाइन,तीन माह का चावल...

अब हर महीने नहीं लगानी होगी राशन की लाइन,तीन माह का चावल एक साथ मिलेगा

सरकारी राशन दुकानों से चावल लेने के लिए अब हितग्राहियों को हर महीने लाइन में लगने की जरूरत नहीं पड़ेगी। खाद्य विभाग ने भारत सरकार के निर्देशानुसार हितग्राहियों को तीन माह का चावल एक साथ देने का निर्णय लिया है। इस योजना के तहत जून महीने में जून, जुलाई और अगस्त का राशन एक साथ बांटा जाएगा, जिससे लोगों को हर महीने दुकान आने की झंझट से मुक्ति मिलेगी। खाद्य विभाग के इस निर्णय का उद्देश्य राशन वितरण में लगने वाली भीड़ और अफरातफरी को कम करना है। अब एक बार में तीन महीने का चावल मिल जाने से हितग्राहियों को न केवल समय की बचत होगी, बल्कि उन्हें बार-बार आने-जाने का खर्च भी नहीं उठाना पड़ेगा। विभाग ने सभी राशन दुकानों को इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं। इस पहल की तैयारी भी तेजी से शुरू हो गई है। बिलासपुर जिला सहकारी बैंक में जिला खाद्य अधिकारी अनुराग भदौरिया और एसडीएम ने सभी सरकारी राशन दुकानदारों की बैठक ली।

बैठक में स्पष्ट निर्देश दिया गया कि किसी भी हाल में तीन माह का राशन समय पर और बिना किसी अवरोध के हितग्राहियों तक पहुंचना चाहिए। बैठक में दुकानदारों ने अपनी कुछ तकनीकी समस्याएं भी अधिकारियों के समक्ष रखीं, विशेष रूप से मशीनों की खराबी को लेकर। इस पर अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि इन समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाएगा ताकि राशन वितरण प्रक्रिया में कोई रुकावट न आए। अधिकारियों ने कहा कि विभाग तकनीकी सुधारों के लिए पूरी तरह तत्पर है। जल्द ही जिले के सभी राशन कार्डधारकों को तीन माह का चावल एक साथ मिलने लगेगा। यह व्यवस्था न केवल हितग्राहियों के लिए सुविधाजनक होगी, बल्कि दुकानदारों के कार्यभार को भी व्यवस्थित करेगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments