
बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर एक दिल दहला देने वाली चोरी की वारदात सामने आई है। बेटी की शादी के लिए खरीदे गए लाखों के गहनों को चोरी से बचाने की कोशिश महिला ने की, लेकिन स्टेशन पर ही चोर ने उसके अरमानों पर पानी फेर दिया। यह घटना प्लेटफॉर्म नंबर दो की है। बाराद्वार की रहने वाली वर्षा उरांव अपनी बेटी दामिनी के साथ एडीआई की परीक्षा देने आई थीं। बेटी की शादी के लिए उन्होंने करीब साढ़े चार लाख रुपये के गहने खरीदे थे और चोरी से बचाने के लिए पर्स में रखकर साथ लाई थीं। परीक्षा के बाद मां-बेटी गोंदिया-झारसुगुड़ा पैसेंजर से घर लौट रही थीं। जनरल कोच में चढ़ते वक्त भीड़ का फायदा उठाकर अज्ञात चोर ने पर्स से गहने पार कर दिए। इस घटना ने स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। जीआरपी की टीम जांच में जुटी है और सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, लेकिन फिलहाल चोर पुलिस की पकड़ से बाहर है।




