
बुधवार की देर रात बिलासपुर-रायपुर मुख्य सड़क मार्ग पर स्थित फ्लाईओवर पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। ट्रेलर और स्विफ्ट कार की आमने-सामने की भिड़ंत में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार कोयला डिपो कर्मचारी आशु सिंघल गंभीर रूप से घायल हो गया।हादसा राजीव गांधी एवं महाराणा प्रताप चौक के फ्लाईओवर के ऊपर हुआ, जहां बैतलपुर की ओर जा रही कार और रायपुर की ओर से आ रहे ट्रेलर की टक्कर हो गई। घटना के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया।

घायल को तुरंत सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया।तिफरा निवासी आशु सिंघल, बैतलपुर में एक कोल डिपो में काम करता है। हादसे के वक्त वह नशे की हालत में कार चला रहा था और तेज रफ्तार में वाहन नियंत्रण खो बैठा, जिससे टक्कर हुई।घटना की सूचना पर सिविल लाइन थाना पेट्रोलिंग टीम तत्काल मौके पर पहुंची और ट्रैफिक जाम को नियंत्रित किया।गुरुवार की सुबह क्षतिग्रस्त कार को क्रेन से हटाया गया,जिससे जाम की स्थिति सामान्य हो पाई।फिलहाल कार दुर्घटनाग्रस्त मामले में अब तक किसी ने कोई भी शिकायत नहीं की है शिकायत के बाद मामले की जांच की जाएगी।




