
सोमवार की रात करीब 10 बजे एक तेज रफ्तार माजदा वाहन तारबाहर अंडरब्रिज में पलट गया। माजदा में व्यापार विहार से लोड किया गया माल था, जिसे सिरगिट्टी ले जाया जा रहा था।बताया जा रहा है कि जैसे ही माजदा अंडरब्रिज से नीचे उतर रही थी, तेज रफ्तार में होने की वजह से चालक ने ब्रेक लगाया, जिससे गाड़ी डिवाइडर पर चढ़ते हुए अनियंत्रित होकर पलट गई। गनीमत रही कि हादसे के वक्त राहगीरों की आवाजाही कम थी, वरना बड़ा नुकसान हो सकता था।यह वही अंडरब्रिज है जिसे रेलवे ने केवल दोपहिया और छोटे चारपहिया वाहनों की सुविधा के लिए तैयार किया था, लेकिन रेलवे की घोर लापरवाही के चलते यहां से अब भारी वाहन भी बेरोकटोक गुजरते हैं।

अंडरब्रिज पर ऊंचाई सीमित करने वाला कोई बैरियर नहीं लगाया गया है, जिससे आए दिन खतरा बना रहता है।स्थानीय लोगों का कहना है कि रेलवे की अनदेखी और प्रशासन की चुप्पी के कारण यह अंडरब्रिज अब ट्रक, माजदा और डंपर जैसे भारी वाहनों के लिए भी रास्ता बन चुका है। इससे न केवल अंडरब्रिज की संरचना पर खतरा है, बल्कि छोटे वाहन चालकों की जान भी हर समय जोखिम में रहती है।अब जरूरत है कि रेलवे तत्काल संज्ञान ले और अंडरब्रिज पर ऊंचाई नियंत्रण के लिए बेरियर लगाए। साथ ही भारी वाहनों की आवाजाही पूरी तरह रोकी जाए, ताकि भविष्य में कोई बड़ा हादसा न हो और आमजन सुरक्षित रह सकें।




