
बिलासपुर :- कोनी थाना क्षेत्र के ग्राम सेमरताल में हुई चाकूबाजी की घटना में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों और तीन नाबालिगों को गिरफ्तार कर लिया। वारदात में प्रयुक्त दो चाकू, एक बेल्ट और एक डंडा पुलिस ने जब्त किया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर चाकूबाजी और गुंडागर्दी पर अंकुश लगाने चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।पुलिस के अनुसार 9 अगस्त की रात करीब 11:45 बजे पुरानी रंजिश को लेकर आरोपियों ने ग्राम जलसों निवासी हर्ष यादव पर हमला किया। आनंद वर्मा और साहिल वर्मा ने हत्या की नीयत से हर्ष के सीने, पेट और पीठ पर चाकू से वार किए, जबकि अन्य साथियों ने बेल्ट और डंडे से मारपीट की। घायल को सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई।आरोपियों की पहचान राजीव वर्मा, साहिल वर्मा, लक्ष्मी प्रसाद केवट, आनंद वर्मा, राजा वर्मा, राजेंद्र वर्मा और तीन नाबालिगों के रूप में हुई। सभी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।




