
बिलासपुर :- शहर में महिलाओं से करोड़ों की ठगी का मामला तूल पकड़ चुका है। वेस्टेज कंपनी के नाम पर हीरा भगवानी, उसकी पत्नी नायरा भगवानी और सहयोगी मुरली लहंजा व वरुण लहंजा पर महिलाओं से 9.50 लाख रुपए की ठगी का आरोप है। आरोपियों ने घर-घर जाकर घरेलू प्रोडक्ट बेचने और पैसे डबल करने का झांसा देकर महिलाओं को निवेश के लिए तैयार किया।शिकायतकर्ताओं का कहना है कि शुरुआत में आरोपियों ने होम डिलीवरी कर सामान दिया और मुनाफे का लालच दिखाकर महिलाओं का विश्वास जीता। इसके बाद उन्हें टीम बनाकर कंपनी से जोड़ने और हर महीने कमीशन व इनाम मिलने की बात कही गई। धीरे-धीरे महिलाओं ने अपनी जमा पूंजी, गहनों और घर के पैसों से निवेश करना शुरू किया, लेकिन जब रकम वापसी की बारी आई तो आरोपी गायब हो गए।महिलाओं ने बताया कि उन्होंने 04 सितंबर को थाना सिविल लाइंस में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने 07 सितंबर को हीरा भगवानी और मुरली लहंजा को पकड़ा जरूर था, लेकिन उसी रात उन्हें छोड़ दिया गया। पीड़िताओं का आरोप है कि प्रभावशाली दबाव के चलते आरोपियों पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है, जबकि वे खुलेआम घूम रहे हैं।मंगलवार को दर्जनों महिलाएं एसपी कार्यालय पहुंचीं और सामूहिक आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई। महिलाओं ने कहा कि यदि उनकी मेहनत की कमाई वापस नहीं दिलाई गई तो उनके पास आत्महत्या के अलावा कोई रास्ता नहीं बचेगा। उन्होंने पुलिस प्रशासन से आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है।




