
रायपुर :- मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना का शुभारंभ किया। इस योजना के तहत निर्माण श्रमिकों के बच्चों को कक्षा छठवीं से बारहवीं तक श्रेष्ठ आवासीय विद्यालयों में निःशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराई जाएगी। शुभारंभ अवसर पर चयनित बच्चों का सम्मान किया गया और उन्हें शुभकामनाएँ दी गईं।मुख्यमंत्री साय ने कहा कि श्रमिक समाज का निर्माण करता है, लेकिन अपने परिवार पर अधिक ध्यान नहीं दे पाता। उनकी यही इच्छा होती है कि उनके बच्चे मजदूरी न करके डॉक्टर, इंजीनियर, अधिकारी या वकील बनें।इसी सोच को ध्यान में रखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी के तहत छत्तीसगढ़ में यह योजना लागू की गई है। श्री साय ने घोषणा की कि अगले शैक्षणिक सत्र से 200 बच्चों को इसका लाभ मिलेगा।श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि इस वर्ष 100 श्रमिक बच्चों का दाखिला प्रदेश के 14 निजी आवासीय विद्यालयों में कराया गया है। विभाग निःशुल्क कोचिंग योजना भी संचालित कर रहा है। उन्होंने बताया कि पिछले 20 महीनों में 600 करोड़ रुपये का लाभ श्रमिकों को डीबीटी के माध्यम से मिला है।श्रम कल्याण मंडल के अध्यक्ष डॉ. रामप्रताप सिंह ने योजना को श्रमिक परिवारों के लिए वरदान बताया। उन्होंने कहा कि लगभग 30 लाख पंजीकृत श्रमिकों के बच्चों को अब बेहतर विद्यालयों में पढ़ाई का मौका मिलेगा। इस मौके पर बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ व उनके अभिभावक मौजूद रहे।


