
जल जीवन मिशन के तहत पानी की व्यवस्था, जर्जर सड़कों, आवास की सुविधा तथा अवैध कब्जों को लेकर ग्राम घोरमार के ग्रामीणों ने मंगलवार को बिलासपुर कलेक्ट्रेट पहुंचकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने बताया कि वे लंबे समय से इन समस्याओं से जूझ रहे हैं, लेकिन बार-बार प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को अवगत कराने के बावजूद समाधान नहीं हो रहा है।ग्रामीणों ने कहा कि गांव में पानी की सप्लाई बाधित है, सड़कें वर्षों से जर्जर हैं और कई पात्र परिवार आज भी आवास योजना से वंचित हैं। साथ ही राशन कार्ड, पेंशन और अन्य आवश्यक अनुमोदनों को लेकर भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने पूर्व में आयोजित जन समस्या समाधान शिविरों में भी अपनी शिकायतें दर्ज कराई थीं, लेकिन वहां से भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। मजबूरी में अब वे जिला मुख्यालय आकर अपनी बात शासन तक पहुंचा रहे हैं।ग्रामीणों ने ज्ञापन के माध्यम से मांग की है कि इन समस्याओं का शीघ्र निराकरण किया जाए ताकि उन्हें मूलभूत सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करने को मजबूर होंगे।




