
केंद्रीय राज्य मंत्री एवं बिलासपुर सांसद तोखन साहू ने शनिवार को अपने बिलासपुर कार्यालय में जनदर्शन का आयोजन किया। इस दौरान शहर और ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं और मांगें लेकर पहुंचे। जनदर्शन के दौरान उन्होंने एक-एक कर सभी लोगों की बातों को गंभीरता से सुना।मंत्री तोखन साहू ने फरियादियों की समस्याओं पर तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश देने की बात कही। उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाया कि उनके मुद्दों का शीघ्र और उचित निराकरण कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता से संवाद और सीधा संपर्क ही समाधान का सबसे प्रभावी माध्यम है। जनदर्शन मे विभिन्न सामाजिक, आर्थिक और प्रशासनिक समस्याओं को लेकर लोगों ने अपनी बातें रखीं। ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोगों ने सड़क, पेयजल, बिजली और आवास से जुड़ी समस्याएं बताईं, जबकि शहरी क्षेत्र के निवासियों ने नागरिक सुविधाओं और रोजगार से जुड़ी मांगें रखीं। सांसद व्यस्त कार्यक्रम के बावजूद वे लगातार समय निकालकर जनता से मिल रहे हैं। उनका उद्देश्य है कि क्षेत्र की समस्याओं को सीधे सुनकर उनका निराकरण सुनिश्चित किया जाए। जनदर्शन की यह पहल जनता और जनप्रतिनिधि के बीच भरोसे को मजबूत कर रही है। तोखन साहू ने उपस्थित नागरिकों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं को अनदेखा नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जो मामले प्रशासन स्तर पर निराकृत हो सकते हैं, उन्हें त्वरित गति से निपटाया जाएगा।


