
जांजगीर-चांपा जिले के देवरी गांव स्थित हसदेव नदी में शनिवार शाम पिकनिक मनाने पहुंचे पांच दोस्तों में से तीन बह गए थे। इनमें से रविवार को अंकुर कुशवाहा का शव नदी से करीब 15-17 किलोमीटर दूर कुदरी बैराज के पास मिला है, जबकि स्वर्णरखा और आशीष भोई अब भी लापता हैं। दो अन्य साथी मोनिका सिन्हा और लक्ष्मी शंकर को स्थानीय लोगों ने बचा लिया।जानकारी के अनुसार, नहाने के दौरान तेज बहाव में संतुलन बिगड़ने से सभी नदी में बह गए। घटना की सूचना पर पंतोरा चौकी पुलिस, DDRF और SDRF की टीमों ने रेस्क्यू अभियान शुरू किया। ASP उमेश कश्यप ने बताया कि लापता दो युवाओं की तलाश जारी है। लगातार बारिश से नदी का जलस्तर बढ़ा है, जिसके चलते प्रशासन ने लोगों से नदी किनारे न जाने की अपील की है।




