
बिलासपुर जिले में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है जहां एक बुजुर्ग व्यक्ति ने एयू फाइनेंस बैंक के कर्मचारियों पर घर में घुसकर मारपीट करने और धमकाने का आरोप लगाया है। बुजुर्ग के मुताबिक उनके पुत्र ने करीब 7 साल पहले बैंक से लोन लिया था, जिसके बाद वह अचानक लापता हो गया और तब से परिवार के साथ नहीं रहता है। बुजुर्ग ने आरोप लगाते हुए बताया कि बैंक कर्मी लोन वसूली के नाम पर आए दिन उनके घर पहुंच जाते हैं और उनके पुत्र की गैरमौजूदगी में उनसे ही पैसा चुकाने का दबाव डालते हैं। उन्होंने कहा कि बैंक के लोग घर में घुसकर अभद्र भाषा का प्रयोग करते हैं और मारपीट तक कर रहे हैं। इतना ही नहीं, कथित तौर पर बैंक कर्मियों ने यह धमकी भी दी कि यदि जल्द ही भुगतान नहीं किया गया तो उन्हें घर से बाहर निकाल दिया जाएगा। पीड़ित बुजुर्ग ने कहा कि वह स्वयं एक असहाय व्यक्ति हैं और अपने लापता पुत्र के किए गए कर्ज के लिए उन्हें परेशान किया जा रहा है। उन्होंने बैंक कर्मियों की कार्रवाई को गैरकानूनी और अमानवीय बताते हुए कहा कि उनका बेटा 7 साल से घर नहीं लौटा है और ऐसे में उनसे कर्ज वसूली करना अन्याय है। अपनी सुरक्षा की मांग करते हुए बुजुर्ग जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई। उन्होंने प्रशासन से अनुरोध किया कि बैंक कर्मियों की दबंगई पर रोक लगाई जाए और उन्हें भविष्य में किसी भी प्रकार की धमकी या हिंसा से बचाया जाए।


