
रोशनी, आतिशबाजी और खुशियों का पर्व दीपावली सोमवार को देशभर के साथ बिलासपुर में भी धूमधाम से मनाई जाएगी। त्योहार को हर्ष और उमंग के बीच मनाने के लिए लोगों ने रविवार को जमकर खरीदारी की। दीपावली के एक दिन पहले ही शहर के बाजारों में जबरदस्त रौनक देखने को मिली। सुबह से ही लोगों की भीड़ बाजारों में उमड़ पड़ी और शाम होते-होते शहर की सड़कों पर पैदल चलना तक मुश्किल हो गया।मुख्य बाजारों में पूजन सामग्री, मिठाइयाँ, सजावटी सामान, कपड़े और बर्तनों की दुकानों पर ग्राहकों की लंबी कतारें लगी रहीं। विशेषकर गोलबाजार, नेहरू चौक, तिलक नगर, गांधी चौक और तेलीपारा क्षेत्र में दिनभर लोगों की भीड़ जुटी रही।

हर कोई अपने घर को सजाने और मां लक्ष्मी-गणेश की पूजा की तैयारियों में व्यस्त नजर आया।त्योहार के चलते शहर के इलेक्ट्रॉनिक्स और ज्वेलरी शोरूम में भी खरीदारों का तांता लगा रहा। कई जगहों पर ग्राहकों के लिए विशेष ऑफर और डिस्काउंट की वजह से भीड़ और बढ़ गई। शाम होते-होते बाजारों में रोशनी से सजा हर कोना दीपावली की खुशियों का संदेश दे रहा था।दुकानदारों के चेहरों पर भी खुशी झलक रही थी क्योंकि इस बार पिछले सालों की तुलना में बिक्री में अच्छी बढ़ोतरी देखने को मिली।

कारोबारियों का कहना है कि रविवार को पूरे दिन में हजारों की संख्या में ग्राहकों ने खरीदारी की। देर रात तक दुकानों में रौनक बनी रही।त्योहार की चहल-पहल से बिलासपुर शहर मानो रोशनी के समंदर में डूब गया। दीपों की जगमगाहट, आतिशबाजी की चमक और लोगों के चेहरों की मुस्कान ने यह जता दिया कि दीपावली का पर्व केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि खुशियों और एकजुटता का प्रतीक है।


