
बिलासपुर अब सच में महानगर बन गया है, लेकिन गलत वजहों से। शहर में अब महानगरों की तरह सरेराह चाकूबाजी, रंगदारी और मारपीट की घटनाएं आम होती जा रही हैं। कलेक्टर-एसपी कॉन्फ्रेंस के बाद भी हालात सुधरने के बजाय और बिगड़ते दिख रहे हैं।ताजा मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र के रिवर व्यू इलाके का है, जहां कुछ बदमाशों ने सड़क पर चल रहे युवकों पर अचानक हमला कर दिया।

बदमाश गाली-गलौज करते हुए युवकों को पटक-पटक कर मारते रहे, लेकिन वहां मौजूद भीड़ तमाशबीन बनी रही। किसी ने पुलिस को खबर देने या बीच-बचाव करने की कोशिश तक नहीं की।हमलावर दो युवकों को अधमरा छोड़कर मौके से फरार हो गए। घटना का पूरा वीडियो कैमरे में कैद हुआ और सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। अब सवाल यह है कि जब शहर के बीचोंबीच ऐसी वारदातें हो रही हैं तो पुलिस आखिर है कहां? लगातार बढ़ते अपराधों ने न्यायधानी की कानून व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है।


