
जशपुर जिले में मंगलवार को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने एक ही दिन में विकास, खेल और युवाओं के उत्साह को नई ऊंचाई दी। उन्होंने हिमालय अभियान में सफलता पाने वाले युवाओं को सम्मानित किया, सन्ना पंडरापाठ में तीरंदाजी अकादमी स्थापित करने के लिए एनटीपीसी के साथ 20.53 करोड़ रुपए के एग्रीमेंट पर हस्ताक्षर किए और फरसाबहार क्षेत्र में 40.89 करोड़ रुपए के 13 कार्यों का लोकार्पण व भूमिपूजन किया।मुख्यमंत्री ने कहा कि जशपुर के युवाओं ने हिमालय की 5350 मीटर ऊंचाई तक पहुंचकर प्रदेश का नाम रोशन किया है। उन्होंने युवाओं के साहस और इच्छाशक्ति की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे अभियान नई पीढ़ी को प्रेरित करते हैं।तीरंदाजी अकादमी को लेकर उन्होंने कहा कि यह सेंटर आदिवासी युवाओं के खेल भविष्य को दिशा देगा। साथ ही उन्होंने बताया कि ओलंपिक पदक विजेताओं को राज्य सरकार 1 से 3 करोड़ रुपए तक की पुरस्कार राशि देगी।मुख्यमंत्री ने फरसाबहार में हुए 40 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों को जनहित में मील का पत्थर बताया और कहा कि सड़क, छात्रावास व बुनियादी ढांचे से आदिवासी अंचलों का समग्र विकास सुनिश्चित होगा।


