
बलौदाबाजार जिले के पलारी थाना क्षेत्र के ग्राम वटगन में फल विक्रेता अमृत गिरी की हत्या का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। मामले में मृतक की पत्नी चंद्रिका गिरी और उसके प्रेमी टुन्ना कुमार शर्मा को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती प्रेम संबंध में बदली, जिसके बाद दोनों ने सुनियोजित तरीके से अमृत गिरी की हत्या की साजिश रची।

24 अक्टूबर की रात जब मृतक घर में अकेला था, तब आरोपी टुन्ना कुमार ने लोहे की कुल्हाड़ी से सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी और चेन्नई भाग गया।पलारी थाना एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम ने टेक्निकल जांच के आधार पर आरोपी टुन्ना कुमार शर्मा को चेन्नई से गिरफ्तार किया। पूछताछ में चंद्रिका गिरी ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि पति द्वारा अवैध संबंधों को लेकर डांटने-फटकारने से वह क्षुब्ध थी। दोनों आरोपियों से हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी और अन्य साक्ष्य जब्त किए गए हैं। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।


