
साउथ ईस्ट सेंट्रल रेलवे के बॉक्सिंग क्लब में खिलाड़ियों और कोचों द्वारा शराब पार्टी मनाने के मामले में रेलवे प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। रेलवे ने इस मामले पर हाईकोर्ट को रिपोर्ट सौंपी है, जिसमें बताया गया कि 12 कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय जांच प्रस्तावित की गई है, जबकि सात को तत्काल प्रभाव से खेल गतिविधियों से हटा दिया गया है।यह मामला 25 जून का है, जब कोच देवेंद्र यादव के जन्मदिन की पार्टी क्लब परिसर में मनाई गई थी। इस दौरान बॉक्सिंग मैट पर ही बीयर की बोतलें, स्नैक्स और नॉन-वेज परोसा गया था। पार्टी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला हाईकोर्ट तक पहुंच गया। कोर्ट ने इस पर नाराजगी जताते हुए कहा कि अगर उसने संज्ञान नहीं लिया होता तो यह मामला दब जाता। साथ ही सवाल उठाया गया कि इतनी बड़ी घटना की जानकारी जीएम को समय पर क्यों नहीं दी गई।सीनियर डीसीएम अनुराग कुमार सिंह ने बताया कि रेलवे परिसर की सड़कें और खेल मैदान रेलवे की छवि का प्रतीक हैं, ऐसे में अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि जांच पूरी ताकत से चल रही है और दोषी पाए जाने पर सख्त दंड दिया जाएगा। जिन कर्मचारियों पर कार्रवाई की गई है उनमें श्रीकांत पाढ़ी, पूर्णेन्द्र साहू, सुमित कुमार, पी. तुलसी राव, पी. ईश्वर राव, वाई. नागू राव और देवेंद्र यादव शामिल हैं।


