
छत्तीसगढ़ राज्य के 25वें स्थापना दिवस पर रायपुर में आयोजित राज्योत्सव में जशपुर पुलिस की नाट्य प्रस्तुति “दंड से न्याय की ओर” केंद्र में रही। इस नाटक में एफआईआर से लेकर अदालत के फैसले तक की पूरी न्यायिक प्रक्रिया को मंच पर जीवंत रूप में दिखाया गया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नाटक का अवलोकन कर पुलिस की पहल की सराहना की।एसएसपी जशपुर शशि मोहन सिंह के निर्देशन और डॉ. आनंद पांडे के सहायक निर्देशन में तैयार इस नाटक में 30 वास्तविक पुलिस कर्मियों ने अभिनय किया। नाटक में नए आपराधिक कानूनों भारतीय न्याय संहिता, नागरिक सुरक्षा संहिता और साक्ष्य अधिनियम को आम जनता के लिए सरल तरीके से समझाया गया। पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम की परिकल्पना पर आधारित यह प्रस्तुति दर्शकों को यह संदेश देती है कि अब भारतीय कानून का उद्देश्य केवल दंड नहीं, बल्कि न्याय सुनिश्चित करना है।


