
जांजगीर-चांपा जिले के खरौद थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक बड़ी वारदात सामने आई है। जानकारी के अनुसार, सोमवार को लगभग दोपहर 3 बजे दो अज्ञात बाइक सवार युवक एस.के. ज्वैलर्स दुकान में पहुंचे। दोनों ने दुकानदार से चैन दिखाने की मांग की। दुकानदार जब उन्हें सोने की चैन दिखा रहा था, तभी दोनों ने मौका पाकर चैन से भरा डिब्बा झपट लिया और मौके से फरार हो गए।दुकानदार के शोर मचाने पर आसपास के लोग इकट्ठा हुए, लेकिन तब तक आरोपी तेज रफ्तार बाइक से बिलासपुर की दिशा में भाग निकले।

बताया जा रहा है कि दोनों में से एक आरोपी ने काली टोपी, सफेद रंग की शर्ट और लाल रंग का बैग टांगा हुआ था। घटना की सूचना मिलते ही खरौद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के इलाकों में नाकाबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह घटना क्षेत्र में अपराधियों के बढ़ते हौसले को दर्शाती है। स्थानीय व्यापारियों में इस घटना के बाद भय और आक्रोश का माहौल है।


