
बिलासपुर पुलिस ने रविवार को शहरभर में कबाड़ी दुकानों पर एक साथ छापामार कार्रवाई की। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद कोनी, सिटी कोतवाली और तोरवा थाना पुलिस ने कबाड़ियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान कई दुकानों की तलाशी ली गई और संदेहास्पद वस्तुओं की जांच की गई।कोनी थाना पुलिस ने तीन दुकानों से करीब 15 क्विंटल कबाड़ जब्त किया, जिनकी कीमत 30 हजार रुपये से अधिक बताई जा रही है। वहीं, सिटी कोतवाली क्षेत्र में एक कबाड़ी दुकान से 250 किलो लोहे का संदिग्ध सामान बरामद किया गया। दस्तावेज न होने पर पुलिस ने दुकान संचालक के खिलाफ बीएनएस की धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है।तोरवा थाना क्षेत्र में छह कबाड़ी दुकानों की जांच के दौरान किसी भी अवैध या चोरी के सामान की बरामदगी नहीं हुई। पुलिस ने सभी दुकानदारों को चेतावनी दी है कि वे केवल वैध रसीद और पहचान पत्र के आधार पर ही कबाड़ की खरीदी-बिक्री करें, अन्यथा सख्त कार्रवाई की जाएगी।


