
सकरी थाना क्षेत्र में रविवार शाम एक व्यक्ति की संदिग्ध मौत से हड़कंप मच गया। शराब दुकान के पास सड़क किनारे एक युवक का शव मिलने पर शुरुआत में इसे साधारण सड़क दुर्घटना माना जा रहा था, लेकिन घटनास्थल की स्थिति ने मामले को संदिग्ध बना दिया है।जानकारी के अनुसार मौके पर एक मोटरसाइकिल खड़ी मिली और उससे थोड़ी दूरी पर व्यक्ति जमीन पर मृत अवस्था में था। पुलिस ने बताया कि घटनास्थल पर किसी बड़े एक्सीडेंट के निशान नहीं मिले और शरीर पर कुछ ऐसे चोट के निशान हैं, जो साधारण दुर्घटना से मेल नहीं खाते। इसी कारण पुलिस अब इसे संदिग्ध मौत मानकर जांच कर रही है।एएसपी ग्रामीण अर्चना झा ने बताया कि अभी यह कहना जल्दबाजी होगी कि यह सड़क हादसा है या हत्या। मौके से एकत्र साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज, फोरेंसिक रिपोर्ट और पोस्टमॉर्टम की जांच के बाद ही वास्तविक कारण सामने आएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस हर एंगल पर जांच कर रही है।फिलहाल शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और मृतक की पहचान कर ली गई है। पुलिस परिजनों से पूछताछ कर रही है, साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच शुरू कर दी गई है। मामले ने स्थानीय लोगों में कई सवाल खड़े कर दिए हैं और अब सभी को जांच रिपोर्ट का इंतजार है।




