
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के गति शक्ति नागपुर मंडल ने मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता के नेतृत्व में वर्ष 2025-26 के दौरान रेलवे अवसंरचना विकास में उल्लेखनीय उपलब्धियाँ हासिल की हैं। आधुनिक तकनीक, समयबद्ध निष्पादन और यात्री सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए मंडल ने मध्य भारत में रेलवे विकास को नई दिशा दी है। इन्हीं प्रयासों के लिए नागपुर मंडल को बेस्ट गति शक्ति यूनिट शील्ड से सम्मानित किया गया।प्रधानमंत्री अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत इतवारी, चांदाफोर्ट, वडसा, सिवनी, डोंगरगढ़ और आमगांव स्टेशनों का पुनर्विकास किया गया। इन स्टेशनों पर एस्केलेटर, लिफ्ट, अतिरिक्त टिकट काउंटर, आधुनिक प्रतीक्षालय, दिव्यांगजन सुविधाएँ और प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र जैसी सुविधाएँ विकसित की गईं, जिससे यात्रियों को बेहतर और सुरक्षित यात्रा अनुभव मिल रहा है।अवसंरचना विकास के तहत अतिरिक्त लूप लाइन, चौड़े फुट ओवर ब्रिज, रेलवे ओवरब्रिज, स्मार्ट स्टेशन सुविधाएँ, आवासीय क्वार्टर और सीसीटीवी सिस्टम जैसे कई महत्वपूर्ण कार्य पूरे किए गए। सांस्कृतिक पहचान को बढ़ावा देने के लिए स्टेशनों को भित्तिचित्रों से सजाया गया। गति शक्ति नागपुर मंडल निरंतर नवाचार और प्रतिबद्धता के साथ भारतीय रेलवे के उज्ज्वल भविष्य की ओर अग्रसर है।




