
राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 का विधिवत शुभारंभ 1 जनवरी को बिलासपुर के चेतना हॉल में किया गया। कार्यक्रम में संभागायुक्त सुनील जैन, आईजी संजीव शुक्ला, कलेक्टर संजय अग्रवाल, एसएसपी रजनेश सिंह सहित प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई।एसएसपी रजनेश सिंह ने यातायात व्यवस्था पर प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए बताया कि ब्लैक स्पॉट और खतरनाक सड़क खंडों में सुधारात्मक कार्यों के चलते सड़क दुर्घटनाओं में उल्लेखनीय कमी आई है।

आईजी संजीव शुक्ला ने कहा कि पुलिस और आमजन के सहयोग से बिलासपुर जिले में प्रदेश में सबसे अधिक सड़क दुर्घटना मृत्यु दर में कमी दर्ज की गई है, जो एक बड़ी उपलब्धि है।कार्यक्रम के दौरान यातायात जागरूकता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वालों को सम्मानित किया गया। जीवधर्णी फाउंडेशन को जागरूकता अभियान के लिए तथा यातायात आधारित लघु फिल्मों के निर्माण और अभिनय से जुड़े कलाकारों को विशेष रूप से सम्मान मिला।

साथ ही सड़क सुरक्षा से जुड़े संदेशों पर आधारित प्रदर्शनी, पोस्टर और फ्लैक्स भी लगाए गए।अंत में यातायात प्रभारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामगोपाल करियारे ने आभार व्यक्त करते हुए माहभर चलने वाले सड़क सुरक्षा कार्यक्रमों में सहयोग की अपील की। उन्होंने 2 जनवरी 2026 को आयोजित होने वाली विशाल हेलमेट जागरूकता बाइक रैली में अधिक से अधिक लोगों से भाग लेने का आग्रह किया।




