
बिलासपुर में वीबी–जी रामजी जनजागरण अभियान को लेकर आयोजित प्रेस वार्ता में विधायक एवं पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल ने विकसित भारत के विजन को देश की आत्मा से जुड़ा संकल्प बताया। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल योजना नहीं, बल्कि किसान, मजदूर और गरीब वर्ग के जीवन में स्थायित्व और सम्मान लाने का प्रयास है। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर भ्रामक प्रचार फैलाने का आरोप लगाते हुए तीखा हमला बोला। अमर अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की प्राथमिकता हमेशा अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास पहुंचाने की रही है। वीबी–जी रामजी योजना इसी सोच का विस्तार है, जिसके माध्यम से ग्रामीण और कमजोर वर्गों को आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा जब हर हाथ को काम और हर परिवार को सम्मानजनक जीवन मिलेगा।विधायक ने बताया कि नए मसौदे में रोजगार की अवधि को 100 दिनों से बढ़ाकर 125 दिन किया गया है, ताकि जरूरतमंद परिवारों को अधिक आर्थिक संबल मिल सके। साथ ही मजदूरी भुगतान की समयसीमा तय करते हुए इसे सात दिनों के भीतर सुनिश्चित करने का प्रावधान किया गया है।

उन्होंने कहा कि यह बदलाव गरीबों के लिए भरोसे और सुरक्षा की मजबूत गारंटी है। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए अमर अग्रवाल ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा महात्मा गांधी के विचारों को सिर्फ नाम तक सीमित रखा। आज पार्टी में गांधी परिवार के अलावा किसी और का अस्तित्व नजर नहीं आता। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस जनता को भ्रमित कर विकास विरोधी राजनीति कर रही है।उन्होंने कहा कि वीबी–जी रामजी योजना को पूरी तरह पारदर्शी, तकनीकी रूप से सक्षम और भ्रष्टाचार से मुक्त बनाया गया है। डिजिटल व्यवस्था के जरिए निगरानी बढ़ाई गई है, ताकि हर लाभ सही व्यक्ति तक पहुंचे। यह योजना आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत के लक्ष्य को जमीन पर उतारने का मजबूत माध्यम बनेगी। प्रेस वार्ता में भाजपा प्रदेश प्रवक्ता विजय शंकर मिश्रा, भाजपा शहर अध्यक्ष दीपक सिंह और ग्रामीण जिलाध्यक्ष मोहित जायसवाल भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में पार्टी नेताओं ने एक स्वर में कहा कि जनजागरण अभियान के जरिए आम लोगों को योजनाओं की सच्चाई और उनके अधिकारों से अवगत कराया जाएगा, ताकि विकसित भारत का सपना जनभागीदारी से पूरा हो सके।




