
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि बस्तर अब तेजी से बदल रहा है और लाल आतंक के खात्मे के साथ शांति व विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है। सुकमा में 64 लाख के इनामी 26 हार्डकोर माओवादियों के आत्मसमर्पण को उन्होंने मानवीय विश्वास की जीत बताया। “पूना मार्गेम” पुनर्वास नीति, सुरक्षा कैंपों की स्थापना और विकास कार्यों से बस्तर में भरोसे का माहौल बना है। मुख्यमंत्री ने हिंसा छोड़कर मुख्यधारा में लौटने वालों के लिए सरकार के दरवाजे खुले होने की बात कही।

इसी क्रम में मुख्यमंत्री साय गरियाबंद जिले के सिरकट्टी धाम पहुंचे, जहां उन्होंने श्रीरामजानकी मंदिर में पूजा-अर्चना कर धर्मध्वजा की स्थापना की और समरसता भवन के लिए 50 लाख रुपये की घोषणा की। वहीं राजिम त्रिवेणी संगम में भक्त माता राजिम जयंती महोत्सव में शामिल होकर उन्होंने साहू समाज के सामूहिक विवाह को सामाजिक उत्थान की मिसाल बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार विकास, सांस्कृतिक पुनर्जागरण और नक्सल मुक्त छत्तीसगढ़ के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है।




