
बिलासपुर में तेज रफ्तार और स्टंटबाजी एक बार फिर जानलेवा साबित हुई है। रेसिंग के दौरान R15 बाइक चला रहा एक नाबालिग युवक हादसे का शिकार हो गया। अनियंत्रित बाइक नाले में गिरने से युवक की मौके पर ही हालत गंभीर हो गई। यह घटना सकरी थाना क्षेत्र की है।रविवार सुबह करीब 7 बजे सकरी थाना क्षेत्र अंतर्गत आसमा सिटी के पास यह हादसा हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार 16 वर्षीय नाबालिग युवक दो से तीन अन्य बाइक सवारों के साथ तेज रफ्तार में रेसिंग कर रहा था। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से उसकी बाइक पहले एक पान ठेले से टकराई और फिर सीधे नाले में जा गिरी।हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसके साथ रेसिंग कर रहे अन्य बाइक सवार मौके से फरार हो गए। मृतक की पहचान प्रेम कुमार सिंह, उम्र 16 वर्ष, पिता रामबाबू सिंह, निवासी राजकिशोर नगर सरकंडा के रूप में हुई है।सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सकरी पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि नाबालिग को बाइक किसने और कैसे उपलब्ध कराई।




