
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बस्तर अंचल के समग्र विकास को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने स्पष्ट किया कि बस्तर में स्थायी शांति स्थापित करना और विकास कार्यों को तेज़ गति से आगे बढ़ाना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास और सुरक्षा के संतुलित प्रयासों से ही बस्तर का उज्ज्वल भविष्य सुनिश्चित किया जा सकता है।मुख्यमंत्री साय ने कहा कि बस्तर को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए सड़क, बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा और संचार जैसी मूलभूत सुविधाओं का तेज़ी से विस्तार किया जाना आवश्यक है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं का लाभ सीधे आम जनता तक पहुंचे और क्रियान्वयन में पूरी पारदर्शिता बनी रहे।बैठक में बस्तर संभाग में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं, आधारभूत संरचना निर्माण, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों और सुरक्षा व्यवस्था की विस्तार से समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर सभी कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी और प्रत्येक योजना की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। उच्चस्तरीय बैठक में मुख्य सचिव विकास शील, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।




