
कांकेर नारायणपुर सीमाक्षेत्र में सुरक्षा बलों ने नक्सलियों की एक बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया है। छोटे बेटिया थाना क्षेत्र अंतर्गत कलपर और मोदेमरका गांव के जंगलों में चलाए गए सघन सर्च अभियान के दौरान कुल 9 आईईडी इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस बरामद की गई हैं। बरामद प्रत्येक आईईडी का वजन करीब 5-5 किलो बताया जा रहा है, जिन्हें बड़े हमले की मंशा से जमीन में छिपाकर रखा गया थासुरक्षा बलों को नक्सल गतिविधियों की गोपनीय सूचना मिली थी, जिसके आधार पर डीआरजी और अन्य सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम ने इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू किया।

अभियान के दौरान जवानों ने सतर्कता बरतते हुए संदिग्ध स्थानों की बारीकी से जांच की, इसी दौरान एक के बाद एक आईईडी बरामद की गईं। मौके से इलेक्ट्रिक वायर, डेटोनेटर और अन्य बारूदी सामग्री भी जब्त की गई है, जिससे नक्सलियों की घातक योजना का खुलासा हुआ है।सुरक्षा बलों ने सभी आईईडी को मौके पर ही सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर दिया, जिससे किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। माना जा रहा है कि नक्सली इन विस्फोटकों का इस्तेमाल सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने या बड़े हमले को अंजाम देने के लिए करने वाले थे।घटना के बाद पूरे सीमाक्षेत्र में अलर्ट जारी कर दिया गया है और सर्च ऑपरेशन को और तेज कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों ने इसे सुरक्षा बलों की बड़ी सफलता बताते हुए कहा कि जवानों की सतर्कता और समय पर कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया।




