
सिमगा नगर स्थित जयस्तंभ चौक की एक मेडिकल दुकान में हुई नकद चोरी के मामले में थाना सिमगा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने दुकान के काउंटर में रखे ₹90,000 नगद चोरी किए थे, जिसमें से ₹77,000 पुलिस ने बरामद कर लिया है।3 फरवरी 2026 को हाजी मेडिकल स्टोर्स संचालक मोहम्मद स्वरूप मेमन द्वारा चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। रिपोर्ट के आधार पर थाना सिमगा में बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देशन में सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपी तामेश्वर साहू को हिरासत में लिया गया।पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह मेडिकल दुकान के पास बढ़ई का काम कर रहा था और दुकान में रखी नगद राशि देखकर उसने चोरी की योजना बनाई। आरोपी ने बांस की बल्ली के सहारे दुकान में घुसकर नकदी चोरी की थी। पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।




