
बिलासपुर में लालखदान से दर्रीघाट तक सड़क चौड़ीकरण की प्रक्रिया तेज हो गई है। फोरलेन निर्माण के लिए सर्वे में सड़क किनारे खड़े 146 पेड़ों को हटाने की जरूरत सामने आई है, जिसके बाद निर्माण की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं।लोक निर्माण विभाग छत्तीसगढ़ ने कटाई और परिवहन के लिए वन विभाग को 14 लाख 70 हजार 721 रुपये जमा कर दिए हैं। पेड़ों में सागौन, नीम और अर्जुन जैसी प्रजातियां शामिल हैं, जिनकी पहचान सर्वे के दौरान की गई थी। अनुमति मिलते ही कटाई का काम शुरू किया जाएगा।पर्यावरण नियमों के अनुसार प्रत्येक पेड़ के बदले 10 गुना पौधारोपण किया जाएगा। इसके लिए 6 लाख 34 हजार 255 रुपये की राशि भी जमा की गई है। विभाग का दावा है कि नई जगह पौधे लगाकर पर्यावरण संतुलन बनाए रखा जाएगा।कटाई के दौरान बिजली वितरण कंपनी और यातायात पुलिस की मौजूदगी रहेगी। जरूरत पड़ने पर बिजली आपूर्ति अस्थायी रूप से बंद की जा सकती है और ट्रैफिक डायवर्जन की व्यवस्था की जाएगी। अब फोरलेन परियोजना शुरू होने से पहले अंतिम मंजूरी के लिए वन विभाग छत्तीसगढ़ की स्वीकृति का इंतजार है।




