
थाना सिविल लाइन पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने ऑनलाइन गेमिंग सट्टा के बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस के विशेष अभियान “प्रहार” के तहत की गई, जिसमें लंबे समय से सक्रिय सटोरियों पर नजर रखी जा रही थी।पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी रिक्की पैनल के जरिए Aviator, Wingo, Casino समेत अन्य ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म पर सट्टा संचालित कर रहे थे। टेलीग्राम और व्हाट्सएप के माध्यम से देशभर में कस्टमर जोड़कर उनसे दांव लगवाया जाता था और लाखों रुपये का लेन-देन फर्जी सिम और बैंक खातों के जरिए किया जाता था।गिरफ्तार आरोपियों में राजेश उर्फ राजा बजाज और प्रदीप खत्री शामिल हैं, जो बिलासपुर और रायपुर में ठिकाना बदल-बदलकर नेटवर्क चला रहे थे। इनके कब्जे से ₹6.90 लाख नगद, महंगे मोबाइल, लैपटॉप, बैंक दस्तावेज, वाहन सहित करीब ₹45 लाख की संपत्ति जब्त की गई है। साथ ही रजिस्टर में सट्टे के लाखों रुपये का हिसाब-किताब भी मिला है।पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों द्वारा अर्जित चल-अचल संपत्तियों की जांच शुरू कर दी गई है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में इस पूरे गिरोह को जड़ से खत्म करने की कार्रवाई तेज कर दी गई है, ताकि अवैध सट्टा कारोबार पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।




