
सिटी कोतवाली पुलिस ने पुराना नगर के तुरीटोंगरी क्षेत्र में मिले अज्ञात अधजले शव की गुत्थी सुलझा ली है। पुलिस ने इस अंधे कत्ल का खुलासा करते हुए एक विधि से संघर्षरत बालक सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो आरोपी अभी फरार हैं। मृतक की पहचान सीटोंगा निवासी सीमित खाखा के रूप में हुई।

जांच में सामने आया कि मृतक अपने गांव के साथियों रामजीत राम, वीरेंद्र राम और अन्य दो युवकों के साथ हजारीबाग झारखंड काम करने गया था। वापसी पर कमीशन के बंटवारे को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपियों ने सीमित की लोहे की रॉड और चाकू से हत्या कर दी। शव को तुरीटोंगरी के जंगल में गड्ढे में डालकर जलाने की कोशिश की गई ताकि पहचान मिटाई जा सके।

पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ के बाद डमी के माध्यम से घटना की पुनरावृत्ति कराई और हत्या में प्रयुक्त हथियार, कपड़े आदि बरामद किए। दो आरोपी अब भी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि पुलिस ने बेहद प्रोफेशनल तरीके से इस अंधे कत्ल का खुलासा किया है। फरार आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


