
अभनपुर क्षेत्र में शनिवार की देर रात पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। एएसपी विवेक शुक्ला के नेतृत्व में मुरूम उत्खनन पर रोक लगाने हेतु दबिश दी गई। इस कार्रवाई में पुलिस ने पांच हाईवा और एक चैन माउंटेन मशीन को जप्त किया है। बताया जा रहा है कि इन वाहनों से अवैध रूप से मुरूम निकाली जा रही थी।मौके पर एएसपी विवेक शुक्ला के साथ थाना प्रभारी सतेंद्र सिंह श्याम और पुलिस बल मौजूद था। सूत्रों के अनुसार, बीते दो से तीन माह से इस क्षेत्र में लगातार मुरूम उत्खनन चल रहा था। खनिज विभाग द्वारा दो से तीन बार कार्रवाई के बाद भी अवैध खनन का सिलसिला नहीं रुका था। पुलिस अब गाड़ी मालिकों और चालकों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करने की तैयारी में है। साथ ही खनिज विभाग की अधिनियम की धाराएं भी जोड़ी जा सकती हैं।यह कार्रवाई अब तक अभनपुर में मुरूम उत्खनन पर पुलिस की सबसे बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है। वहीं, विधायक इंद्र कुमार साहू भी लगातार इस अवैध गतिविधि को लेकर शिकायत कर रहे थे।


