चलती ट्रेन से गिरकर घायल होने वाले अलग-अलग मामलों में दो घायलों को पुलिस ने इलाज के लिए सिम्स में भर्ती कराया है। घायलों में एक व्यक्ति का हाथ कट गया है तो दूसरे के पैर और शरीर अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई है। फिलहाल इस मामले की जांच सिरगिट्टी पुलिस और रेलवे पुलिस कर रही है। एक बार फिर से ट्रेन हादसों के मामले में गम्भीर रूप से घायलों का सिम्स पहुंचने का दौर शुरू हो गया।

बता दें कि इन दिनों हावड़ा और महाराष्ट्र रूट की ट्रेनों में यात्रियों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। एसी, स्लीपर से लेकर जनरल कोच में सीट से लेकर प्रसाधन एवं प्रवेश द्वार यानी कि दरवाजे तक यात्री लटक लटककर यात्रा करने को मजबूर है। हालांकि यह नजारा देखने के बावजूद रेल प्रशासन इस पर कोई खास ध्यान नही दे रहा है। यही वजह है कि जनरल कोच और स्लीपर के दरवाजे में बैठकर और लटककर यात्रा कर रहे यात्री दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं और गम्भीर रूप से घायल होकर सिम्स अस्पताल पहुंच रहे है। सिम्स के चिकित्सकों से मिली जानकारी के मुताबिक सिम्स में ट्रेन से गिरकर घायल होने के मामले में गम्भीर रूप से घायल दो व्यक्तियों को पुलिस ने केजुअल्टी वार्ड में भर्ती कराया है।

पहले मामले में अकलतरा से पहुंचे नांदेड़ जीवासी रहीम खान है, जिनके ट्रेन से गिरने से एक हाथ कट गया वहीं शरीर मे गम्भीर रूप से अंदरूनी चोटें आई है। बताया जा रहा है कि रहीम को शनिवार की रात अकलतरा से लाया गया है। जो ट्रेन से गिरकर दो दिनों तक अकलतरा के पास रेलवे ट्रेक पर ही पड़ा रहा। जिसे देखकर लोगों ने संजीवनी 108 के जरिये सिम्स में भर्ती कराया फिलहाल उसकी स्थिति नाजुक बताई जा रही है। इसी तरह दूसरे मामले में सिरगिट्टी पुलिस ने खरौद निवासी फुलेश्वर शर्मा को सिरगिट्टी रेलवे ट्रेक के पास से उठाकर सिम्स में भर्ती कराया है। फुलेश्वर शर्मा के पैर में गम्भीर चोट लगने के साथ शरीर मे अंदरूनी गम्भीर चोट आई है। फिलहाल पुलिस इन दोनों मामलों की जांच कर रही है कि आखिर ये घायल ट्रेन से कैसे गिरे। किसी ने इन्हें ट्रेन से धकेल दिया है या फिर ये हादसे का शिकार हुए हैं।





