ईओब्ल्यू की टीम ने शनिवार को जिला शिक्षा अधिकारी टीआर साहू के बिलासपुर स्थित सरकारी आवास, कवर्धा स्थित मकान और रायपुर में छापेमारी की है। इसमें 10 करोड़ रुपए की चल-अचल संपत्ति का पता चला है। बिलासपुर नूतन कॉलोनी स्थित सरकारी आवास में 1.6 लाख रुपए कैश मिला। कवर्धा की पॉश कॉलोनी में मकान, पत्नी के नाम पर फार्म हाउस और रायपुर में कीमती जमीन की जानकारी सामने आई है। ईओडब्ल्यू के अधिकारियों ने बताया कि 4 करोड़ रुपए की फर्नीचर खरीदी, 86 लाख रुपए में प्रश्न पत्र छपाई के अलावा शिक्षकों के अटैचमेंट, अनुकंपा नियुक्ति, जीपीएफ, मातृत्व अवकाश आदि में लेनदेन कर डीईओ ने अनुपातहीन संपत्ति कमाई है।



डीईओ साहू के खिलाफ ईओडब्ल्यू ने शिकायत के बाद शुक्रवार को जांच शुरू की। डीईओ यहां नूतन कॉलोनी स्थित सरकारी मकान में अकेले रहते हैं। पत्नी-बच्चे कवर्धा में पॉश कॉलोनी में रहते हैं। उनकी पत्नी व्याख्याता हैं। कवर्धा के गांव में करीब 10 एकड़ के फार्म हाउस होने का पता चला है।डीईओ साहू की पत्नी व्याख्याता हैं। एक बेटा सिविल इंजीनियर है। अधिकांश अचल संपत्तियां पत्नी के नाम पर हैं। ईओडब्ल्यू दोनों की आय और खर्च का हिसाब निकालेगी। इसके बाद डीईओ का भी हिसाब निकालेगी। इसके बाद आय से कितनी अधिक संपत्ति जुटाई गई है, उसका खुलासा होगा। डीईओ के पास दो कारें हैं। दोनों के माइलोमीटर चेक किए गए हैं। इन गाड़ियों का एवरेज देखा जाएगा। इसमें डीजल-पेट्रोल का भी हिसाब जुड़ेगा। अधिकारियों ने बताया कि आय से अधिक संपत्ति की पुष्टि के बाद डीईओ की गिरफ्तारी होगी।





