न्यायलय परिसर में उस समय हड़कम मच गया जब न्यायालय में रिमांड पर लेकर पहुंचे करोड़ो रूपये के धान हेराफेरी के मामले में आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। कुछ देर आरोपी की खोजबीन की गई लेकिन जब आरोपी नही मिला तो उसके और उसके परिवार वालों के खिलाफ थाना सिविल लाइन में अपराध दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया गया। मस्तूरी थाना अंतर्गत पुलिस ने एक करोड़ 53 लाख रुपये के धान हेराफेरी करने वाले मस्तूरी धान खरीदी प्रभारी प्रकाश लहरे को न्यायालय में पेश किया था। न्यायालय में आरोपी प्रकाश लहरे अपने परिवार वालों से बातचीत करते हुए मौके से पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था।

जिसके बाद न्यायालय परिसर में हड़कम्प मच गया और पुलिस फरार आरोपी की खोजबीन करने में जुट गई। जब दोपहर तक आरोपी प्रकाश लहरे नही मिला तो मस्तूरी पुलिस ने करोड़ो की धान हेराफेरी के मामले में फरार प्रकाश लहरे और उसके परिवार के नीलेश लहरे, भगबली लहरे, रणजीत लहरे, अशोक भारद्वाज और पुनितराम बंजारे के खिलाफ थाना सिविल लाइन में गंभीर धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया। हालांकि देर रात तक आरोपी प्रकाश लहरे पुलिस के हत्थे चढ़ गया जिसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया, वहीं आरोपी को भगाने में उसका सहयोग करने वालों को वैधानिक कार्यवाही के लिए सिविल लाइन पुलिस के हवाले कर दिया गया।


