
बिलासपुर– कांग्रेस पार्टी आगामी 9 सितंबर को मुंगेली नाका स्थित ग्राउंड में राज्य स्तर का बड़ा प्रदर्शन करने जा रही है। इस आयोजन में प्रदेश प्रभारी सहित पूरे छत्तीसगढ़ के कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता शामिल होंगे। पार्टी ने दावा किया है कि इस प्रदर्शन में लगभग 25,000 कार्यकर्ताओं की मौजूदगी रहेगी।
हालांकि कांग्रेस के इस कार्यक्रम को लेकर भाजपा ने सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं। राज्य के उपमुख्यमंत्री और बेलतरा विधायक ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जिस मैदान में प्रदर्शन प्रस्तावित है, उसकी क्षमता 25,000 लोगों के लिए पर्याप्त नहीं है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यह स्पष्ट है कि कांग्रेस केवल औपचारिकता निभा रही है और उसका जनाधार अब धरातल पर नजर नहीं आता।उपमुख्यमंत्री ने कांग्रेस के नेतृत्व पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की मानसिक दशा अब अस्थिर हो चुकी है। चुनाव के समय उनके युवराज भी एक ऐसे ही मैदान में पहुंचे थे, लेकिन उस समय वहां की स्थिति सभी ने देखी थी। इससे स्पष्ट है कि कांग्रेस अब केवल प्रतीकात्मक राजनीति कर रही है, जो जनता से जुड़ने में नाकाम रही है।इस बीच, कांग्रेस ने भाजपा के इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि जनता में पार्टी के प्रति विश्वास बना हुआ है और यह प्रदर्शन उसका प्रमाण होगा।


