राशन और सब्जियों की बढ़ती कीमतों से आम आदमी के रसोई का बजट गड़बड़ा गया है। आटा-दाल और सब्जियों की महंगाई मध्यमवर्ग को खासा परेशान कर रही है। वही देखा जा रहा है सब्जी भाजी के साथ-साथ मांसाहार की कीमत में भी काफी बढ़ोतरी हुई है।



खाने पीने की महंगाई फिर से आम लोगों को सताने लगी है। पिछले एक साल से दाल की कीमतें वैसे ही लोगों को परेशान कर रही थी लेकिन महंगे आलू, प्याज और दूसरी साग-सब्जियों की कीमतों में भी बढ़ोतरी देखी जा रही है।अप्रैल महीने के लिए जो खुदरा महंगाई दर का आंकड़ा 13 मई 2024 को घोषित किया। उसके मुताबिक खाद्य महंगाई दर मार्च के 8.52 फीसदी से बढ़कर 8.70 फीसदी पर जा पहुंची है। और इस अवधि में साग-सब्जियों की महंगाई दर में तेज उछाल देखने को मिला है। दाल की महंगाई वैसे ही बढ़ी हुई है। होलसेल महंगाई दर का जो आंकड़ा 14 मई को घोषित किया गया है। उसके मुताबिक थोक बाजार में भी बीते साल के मुकाबले आलू, प्याज समेत सब्जियों की महंगाई बढ़ी हुई है।दालों की होलसेल भी बीते साल के मुकाबले बढ़ी हुई है। जहां देखा जा रहा है कि थोक बाजार में दाल की कीमत 170 रुपए है। वही चिल्लर बाजार में 220 रुपए तक चल रहा है। वही प्याज 40 से 45 रुपए किलो चल रहा है और लहसुन 190 से ₹200 किलो चल रहा है। साथ ही आलू भी 40 से 45 रुपए किलो चल रहा है।


बीते कुछ महीनों से शाकाहारी लोगों की जेब कुछ ज्यादा ही कट रही है। बीता मई लगातार दूसरा महीना रहा जबकि वेज थाली महंगी हुई है। वहीं नॉन-वेज थाली भी महंगी हुई है।चिकन के शौकीनों की संख्या अच्छी खासी है। अलग-अलग जगहों पर तरह-तरह के चिकन भी आपको मिल जाएंगे। जहां एक तरफ दाल और सब्जियों की कीमत में बढ़ोतरी हुई है।तो वही दूसरी तरफ यह भी देखा जा रहा है कि मांसाहार की कीमत में भी काफी बढ़ोतरी हुई है। चिकन की कीमत 190 से 200 तक की हो गई है। वही मछली की कीमत 180 से 200 हो गई है। और मटन की कीमत 700 से ₹800 चल रही है। अंडा भी 75 रुपये दर्जन के भाव बिक रहे है। शाकाहारी के साथ-साथ मांसाहार की भी कीमत में काफी हद तक बढ़ोतरी हुई है। बताया जा रहा है कि गर्मी के दिनों में रेट बढ़ जाते हैं उसके बाद सावन आते आते रेट में गिरावट हो जाती है। यही वजह है कि मांसाहार का रेट अभी बढ़ा हुआ है।

थोक व्यापारियों ने बताया कि दाल और आलू प्याज की कीमत में अभी गिरावट होना तो मुमकिन नहीं है। बल्कि कीमतें और भी ज्यादा बढ़ सकती है। इसीलिए लोग अधिक संख्या में दाल और आलू प्याज लहसुन की खरीदारी कर रहे हैं। बरसात आते-आते कीमत में और बढ़ोतरी होने की संभावना है।



