नक्सली हिंसा से लेकर प्रदेश में लगातार बढ़ रहे आपराधिक मामलों को लेकर गृह मंत्री ने दिए चौंकाने वाले बयान। एफ.आई.आर. दर्ज होते हैं इसलिए अपराध की संख्या बढ़ रही हैं। गृह मंत्री शर्मा ने प्रदेश में पिछली कांग्रेस की सरकार पर पुलिस को अनुचित काम करने एवं संरक्षण का आरोप लगाया है। डिप्टी सीएम बनने के बाद पहली बार बिलासपुर पहुंचे विजय शर्मा ने कर्बला के भाजपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं पदाधिकारी से मुलाकात किया। यहां उनका गर्म जोशी के साथ स्वागत किया गया।

उपमुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार प्रवास पर जिला पहुंचे डिप्टी सीएम विजय शर्मा का यहां गर्म जोशी के साथ स्वागत किया गया। मंगलवार को भाजपा कार्यालय में उनका आतिशी स्वागत किया गया, इस दौरान उन्होंने पार्टी कार्यकर्ता, पदाधिकारियो से मुलाकात और मीडिया से चर्चा भी की।चर्चा के दौरान बताया कि छत्तीसगढ़ में नक्सली हिंसा को लेकर केंद्र और राज्य की नीतियों में कितना फर्क है। इस बात का अंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि प्रदेश के गृह मंत्री विजय शर्मा नक्सलियों के साथ बातचीत और जमीनी संघर्ष को जारी रखना चाहते हैं, जबकि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह इस समस्या को जड़ से उखाड़ फेंकने के लिए हमेशा तैयार रहते हैं। इसलिए नक्सली हमला, जवानों की शहादत और फेक एनकांउटर जैसे विषय छत्तीसगढ़ में हमेशा ख़बर की सुर्खियां बने रहते हैं। ऐसे में छत्तीसगढ़ के गृह मंत्री विजय शर्मा ने मीडिया के सामने यह साफ कर दिया है कि, केंद्रीय मंत्री और छत्तीसगढ़ के गृह मंत्री के बीच कोई विरोधाभास नहीं है।

उपमुख्यमंत्री की माने तो देश के गृह मंत्री अमित शाह का नजरिया व्यापक है और वे 370 सहित छत्तीसगढ़ के अलावा मणिपुर और दूसरे राज्यों को लेकर प्रभावी रणनीति में काम कर रहे हैं। इस बीच छत्तीसगढ़ में लगातार बढ़ रहे आपराधिक मामलों की संख्या को लेकर गृह मंत्री ने चौंकाने वाला बयान दिया है, और कहा कि, पिछली कांग्रेस सरकार में लोगों के एफआईआर तक दर्ज नहीं होते थे क्योंकि, उनको डर था कि एफआईआर की संख्या बढ़ने से अपराध के आंकड़ों में इजाफा होगा। लेकिन वर्तमान बीजेपी सरकार में तत्काल प्रभाव से केस दर्ज की जाती है ताकि, लोगों को न्याय मिल सके। यही वजह है कि, छत्तीसगढ़ में दर्ज होने वाले आपराधिक मामलों में तेजी से इजाफा देखने को मिला है। विगत सरकार में पुलिस को अनुचित कामों के संरक्षण देने का काम चलता था, अब वह समाप्त हुआ है। अब पुलिस पुलिसिंग का काम कर रही है। इस दौरान पार्टी कार्यालय में जबरदस्त उत्साह दिखाई दिया, कार्यकर्ताओं ने जिंदाबाद के नारे लगाए। यहां से गृहमंत्री आईटीआई कोनी और यूनिवर्सिटी कार्यक्रम में शामिल होने निकल गए।


