
थाना पलारी क्षेत्र के ग्राम जर्वे में 25 वर्षीय युवक कैलाश वर्मा की बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी गई। पुलिस ने घटना के 24 घंटे के भीतर चार आरोपियों अंशु साहू, जतिराम साहू, बिहारी लाल साहू और कामेश्वर साहू को गिरफ्तार कर लिया है।जानकारी के अनुसार, 22 अक्टूबर की रात विवाद के दौरान आरोपियों ने कैलाश वर्मा को घर से घसीटकर गांव के चौक में खंभे से बांध दिया और हाथ-मुक्का, डंडे और जीआई पाइप से बुरी तरह पीटा। बीच-बचाव करने पर मृतक के पिता और भाई के साथ भी मारपीट की गई। गंभीर रूप से घायल कैलाश को इलाज के लिए बलौदाबाजार जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देशन में थाना पलारी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मामले में बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच जारी है।


